UP: अखिलेश यादव का पुतला फूंके जाने पर भड़की सपा, मिर्जापुर में कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन

UP: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला दहन किए जाने के विरोध में गुरुवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) को सौंपा गया।

सपा जिलाध्यक्ष ने बताया लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला

प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जुलाई को संकटमोचन तिराहे पर कुछ लोगों ने अखिलेश यादव का पुतला जलाया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।

Also Read: अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आएं हैं, ‘दर्शन’ करने नहीं जाएंगे?…नितिन नवीन के पहले यूपी दौरे पर अखिलेश यादव का तंज

24 घंटे का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

सपा जिलाध्यक्ष ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता जिले के अलग-अलग चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पुतला दहन अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस और जिला प्रशासन की होगी।

कार्यकर्ताओं में आक्रोश, माहौल बिगड़ने की आशंका

प्रदर्शन का संचालन कर रहे सपा जिला महामंत्री आदर्श यादव ने कहा कि घटना से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य राजनीतिक और सामाजिक वातावरण को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Also Read: अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे पर सियासत तेज! अखिलेश यादव ने किया 7 करोड़ की चोरी का दावा, बोले- सरकार की चुप्पी संदिग्ध

बड़ी संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी

प्रदर्शन में सपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामराज पटेल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)