UP: रायबरेली जिले में छात्र संगठनों के बीच हुआ टकराव अब बड़ा राजनीतिक रंग ले चुका है। बीती शाम एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) और समाजवादी छात्रसभा के बीच हुए जबरदस्त बवाल के बाद आज समाजवादी पार्टी का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। पुलिस प्रशासन की कार्यशैली से नाराज सपा विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शहर के व्यस्ततम शहीद चौक पर धरने पर बैठ गए हैं। इस दौरान पुलिस विरोधी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
एबीवीपी और छात्रसभा विवाद से गर्माया माहौल
जानकारी के मुताबिक, कल शहर में एबीवीपी और समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और बवाल हो गया था। इस घटना के बाद से ही शहर का राजनीतिक और शैक्षणिक माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ था। आज सुबह से ही सपा खेमे में इसको लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली, जो दोपहर होते-होते सड़क पर प्रदर्शन के रूप में तब्दील हो गई।
पुलिस पर गंभीर आरोप, कोतवाल पर कार्रवाई की मांग
सपा नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने कल के मामले में एकतरफा और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया। सपा पदाधिकारियों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि पुलिस ने एसपी ऑफिस के भीतर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का मुख्य गुस्सा शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह पर फूट रहा है। वे शहर कोतवाल को तत्काल निलंबित करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शहीद चौक पर चल रहे इस धरने और जोरदार नारेबाजी के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।


















































