UP: मटेरा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी।
जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार बघौली गांव निवासी विजय पाल की सात वर्षीय पुत्री गौरी इन दिनों अपने ननिहाल मोहम्मदपुर में रह रही थी। बुधवार शाम गौरी गांव के पास सड़क किनारे मौजूद थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजरी और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मटेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गौरी को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ALSO READ: Sonbhadra: बभनी-बीजपुर मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक ने दो भाइयों को मारी टक्कर, एक की मौत
गौरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सात साल की मासूम की मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मटेरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह के अनुसार हादसा करने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














