UP: पेपर लीक के विरोध में सहारनपुर में छात्रों का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर: पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों का विरोध अब सहारनपुर तक पहुंच गया है. स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रामलीला मैदान से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया.

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “पेपर लीक बंद करो”, “शिक्षा पर हमला बंद करो” और “छात्र एकता जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए.

प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की. साथ ही पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की भी मांग उठाई.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

एसएफआई के जिला संयोजक बलवीर गौतम ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया. उनका कहना था कि सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और व्यापक किया जाएगा.

प्रदर्शन में शामिल छात्रा इकरा ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के साथ हुए व्यवहार से युवाओं में भारी नाराजगी है. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की.

प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. ज्ञापन सौंपने के बाद छात्र-छात्राओं ने निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)