UP: बंद बाइक दुकान में लगी अचानक आग, सर्विसिंग के लिए खड़ी बाइक जलकर खाक

चंदौली: बुधवार की देर रात धानापुर थाना क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी के पास स्थित इमरान बाइक प्वाइंट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बंद दुकान से आग की लपटें और धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने शटर खोला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया गया कि घटना के समय बाइक की दुकान बंद थी। राहगीरों की नजर दुकान से निकल रही आग की लपटों पर पड़ी। इसके बाद तत्काल दुकान मालिक को जानकारी दी गई। दुकान का शटर खुलने पर अंदर आग तेजी से फैलती दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पानी डालना शुरू कर दिया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से दुकान में खड़ी करीब एक दर्जन पुरानी बाइकें आग की चपेट में आने से बच गईं।

Also Read: लखनऊ: पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, अदालत के निर्देशों का पालन करेंगे, अनिल राजभर पर भी तंज

हालांकि, दुकान में सर्विसिंग के लिए खड़ी एक बाइक आग की चपेट में आने से बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। आग से दुकान में रखे अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए।

आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि आगजनी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)