UP: महाराष्ट्र से यूपी लाई गईं किशोरियां बरामद, डांस पार्टी की आड़ में काम कराने का आरोप!

UP: श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र से दो नाबालिग लड़कियों को श्रावस्ती लाकर डांस पार्टी में काम कराने का मामला सामने आया है। देहात इंडिया संस्था की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संयुक्त टीम ने दोनों किशोरियों को लच्छमन नगर क्षेत्र स्थित एक मकान से बरामद किया है।

बताया गया कि 4 सितंबर को देहात इंडिया, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लच्छमन नगर क्षेत्र में निरीक्षण एवं चिन्हांकन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम को क्षेत्र में संचालित डांस पार्टी से जुड़ी जानकारी मिली। सूचना के आधार पर गन्ना काटने वाली मशीन के पास स्थित एक मकान की जांच की गई, जहां से दोनों नाबालिगों को बरामद किया गया।

Also Read: UP: मुजफ्फरनगर में विवाहिता हत्याकांड में बड़ा फैसला, दोषी पति को फांसी, एक लाख रुपये जुर्माना भी

पूछताछ में महाराष्ट्र की रहने वाली बताईं खुद को

बाल कल्याण अधिकारी और महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुई पूछताछ में दोनों लड़कियों ने खुद को महाराष्ट्र का निवासी बताया। शिकायत के मुताबिक, दोनों को महाराष्ट्र से श्रावस्ती लाया गया था और डांस पार्टी में डांस करने के काम में लगाया गया था। शिकायत में उनके साथ शोषण की आशंका भी जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।दस्तावेजों के अनुसार दोनों की उम्र करीब 17 वर्ष और 14 वर्ष बताई गई है।बाल कल्याण समिति के सामने पेश, वन स्टॉप सेंटर में रखा गया मामले की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने दोनों नाबालिगों को आवश्यक काउंसलिंग और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। समिति के निर्देश पर दोनों को वन स्टॉप सेंटर की देखरेख में रखा गया है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस दोनों किशोरियों को श्रावस्ती लाने, डांस पार्टी में काम कराने और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)