UP: खराब मौसम के बीच भी नहीं थमा शिवभक्तों का जोश, बदलापुर में निकली भव्य कांवड़ यात्रा

UP: जौनपुर के बदलापुर में रविवार को शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। खराब मौसम के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में निकली दो दिवसीय भव्य कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। डीजे पर बजते भक्ति गीत और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

यात्रा की शुरुआत सई नदी तट से जल भरने के साथ हुई। कांवड़ियों का जत्था चौरेश्वर नाथ महादेव, छंगापुर होते हुए कांधी कला स्थित करसूल नाथ धाम की ओर रवाना हुआ। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।

Also Read: UGC-NET Exam रद्द होने पर अखिलेश यादव बोले- BJP राज में जमकर धांधली कर रहे पेपर माफिया, ये देश के खिलाफ बड़ी साजिश

यात्रा में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। हालांकि, इसका असर शिवभक्तों के उत्साह पर बिल्कुल नहीं पड़ा। स्थानीय लोगों और आयोजकों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया।

खास बात यह रही कि विधायक रमेश चंद्र मिश्रा खुद कंधे पर कांवड़ लेकर श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलते नजर आए। उन्होंने कहा कि मौसम ने हेलीकॉप्टर की पुष्प वर्षा जरूर रोक दी, लेकिन शिवभक्तों की आस्था और जोश को नहीं रोक सका। बदलापुर की यह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बनकर सामने आई।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)