UP: मथुरा कोसीकलां के सर्राफा बाजार में हुई 12 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जनपद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोपालबाग क्षेत्र से घेराबंदी कर 2 महिलाओं समेत 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7 किलो 126 ग्राम सोना और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस त्वरित खुलासे के बाद व्यापारी वर्ग ने राहत की सांस ली है, वहीं अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि 13 सितंबर की रात कोसीकलां के प्रसिद्ध जुगल किशोर ज्वेलर्स में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। शातिरों ने शोरूम की छत का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तिजोरी में रखे करीब 12 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की जानकारी सुबह हुई तो पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने पुलिस पिकेट के इतने करीब हुई इस वारदात पर आक्रोश जताया था।
Also Read: UP: मथुरा में सर्राफा बाजार में करोड़ों की चोरी, 15 लाख कैश भी ले गए बदमाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी आगरा और एसएसपी मथुरा ने स्वयं कमान संभाली। एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की चार टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए, डॉग स्क्वायड की मदद ली और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा।
इसी क्रम में मंगलवार 15 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजकर 59 मिनट पर पुलिस टीम ने गोपालबाग क्षेत्र में घेराबंदी कर रामनगर, कोसीकलां निवासी मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी और उसके भाई मोहन सोनी को दो महिला सहयोगियों के साथ धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी गया माल बरामद किया गया।
Also Read: बांदा में चोरी का 12 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, गेहूं-चना समेत नकदी बरामद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह का संबंध जनपद और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी हो सकता है, जिसका जल्द खुलासा हो सकता है। पुलिस की इस बड़ी सफलता की सर्राफा व्यापारियों ने सराहना की है।



















































