बिजनौर: जनपद के स्योहारा थाना क्षेत्र के गल्लाखेड़ी स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सुरक्षा व्यवस्था व पुलिस को चुनौती देते हुए चोर रात में बैंक की खिड़की तोड़कर बैंक के अंदर दाखिल हो गया। कंबल ओढ़े चोर ने बैंक में घुसते ही बिजली के तार काटकर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद बेखौफ होकर काफी देर तक बैंक के अंदर घूमता रहा। उसने स्ट्रांग रूम का ताला तक तोड़ डाला, लेकिन सेफ अलमारी का ताला नहीं टूट सका। ताला नहीं टूटा तो बैंक में रखी नकदी भी चोर के हाथ लगने से बच गई।
चोर की पूरी करतूत बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में कंबल ओढ़े चोर बैंक के अंदर इधर-उधर घूमता नजर आया है। चोर ने पहले खिड़की तोड़ी और उसी रास्ते बैंक में प्रवेश किया। अंदर पहुंचते ही उसने बिजली के तार काटकर बैंक को अंधेरे में कर दिया। इसके बाद उसने स्ट्रांग रूम को निशाना बनाया और उसका ताला तोड़ दिया। हालांकि सेफ अलमारी का ताला तोड़ने में नाकाम रहने पर उसे खाली हाथ लौटना पड़ा।
सुबह बैंक भवन के स्वामी कृष्ण बहादुर ने खिड़की टूटी देखी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार को सूचना दी। बैंक अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
सवाल यह भी है कि रात में बैंक की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद चोर को अंदर घुसकर स्ट्रांग रूम तक पहुंचने और काफी देर तक ताला तोड़ने का मौका कैसे मिल गया। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस की जांच पड़ताल जारी है।















































