बरेली: मीरगंज थाना क्षेत्र के नल नगरिया तिराहे के पास शुक्रवार दोपहर अज्ञात कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बरेली रेफर किया गया है।
थाना शाही क्षेत्र के गांव बीथम नौगवां निवासी मिंटू (52) शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी पत्नी शांति देवी (50) और दामाद शेर सिंह 24 निवासी पहुंचा बुजुर्ग, थाना मीरगंज के साथ बाइक से मीरगंज की ओर आ रहे थे। नल नगरिया तिराहे के पास पीछे से आई तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
ALSO READ: उत्तर प्रदेश : ईसन नदी पुल पर धंसी सड़क बनी खतरा, ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों और आसपास के लोगों ने घायलों को सड़क से हटाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तीनों को बरेली रेफर कर दिया गया। लोगों के अनुसार शांति देवी की हालत अधिक नाजुक थी। बाइक शेर सिंह चला रहा था और उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
प्रभारी निरीक्षक मीरगंज रवि कुमार ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अज्ञात कार और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































