UP: लखनऊ में तीन दिवसीय यूपी दिवस समारोह का शुभारंभ, अमित शाह करेंगे उद्घाटन

UP: राजधानी लखनऊ (Lucknow) के राष्ट्र प्रेरणा स्थल (Rashtriya Prerna Sthal)  पर आज से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत होगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) लखनऊ पहुंच गए है और इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर ‘एक जिला, एक व्यंजन (ओडीओसी)’ योजना, सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र योजना का शुभारंभ किया जाएगा, वहीं मुख्यमंत्री युवा योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच जिलों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही राष्ट्र प्रेरणा संग्रहालय, शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला और विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश विषयक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जाएगा।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। आयोजन में प्रदेश की विकास यात्रा, सामर्थ्य, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।

Also Read: लखनऊ: यूपी दिवस के अवसर पर CM योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

पर्यटन और संस्कृति की व्यापक झांकी

पर्यटन विभाग के स्टॉल पर विभागीय योजनाओं और पीपीपी मॉडल पर संचालित परियोजनाओं के साथ माघ मेला-2026, बुंदेलखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल, विरासत संरक्षण, ईको टूरिज्म बोर्ड की पहलें और यूपीएसटीडीसी की ‘लखनऊ दर्शन’ जैसी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में प्रदेश के 12 पर्यटन सर्किट, बौद्ध, जैन, रामायण, महाभारत सहित, से जुड़ी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को एक मंच पर दिखाया जाएगा।

सम्मान और विशेष प्रदर्शनियां

यूपी दिवस के अवसर पर मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष प्रदर्शनियां लगेंगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा, उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, कलाकार, खिलाड़ी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले  अलख पांडेय, शुभांशु शुक्ला सहित पांच विभूतियों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा, जिसमें 11 लाख रुपये, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र शामिल होंगे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)