UP: जसवंतनगर में एक दिन में तीन भीषण सड़क हादसे, पांच लोग गंभीर रूप से घायल

UP: इटावा  शुक्रवार को जसवंतनगर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। इन हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पहला हादसा नगर के सेंट्रल बैंक के पास हुआ। भगवानपुरा निवासी योगेश कुमार अपने रिश्तेदार विनोद कुमार के साथ बाइक से सब्जी मंडी से खरीदारी कर गांव लौट रहे थे। तभी सामने से आए एक ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया।

Also Read: UP: क्राइम ब्रांच बनकर बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी से 27 किलो चांदी लूटी, 60 लाख की वारदात से सनसनी

दूसरा हादसा छिमारा मार्ग पर हुआ। मैनपुरी जिले के बरनाहल थाना क्षेत्र की हसीना अपने बेटे सैफ अली के साथ बाइक से जा रही थीं। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को भी सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

तीसरी घटना मंडी गेट के सामने हुई, जहां फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव गुराऊ निवासी सूरजभान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें भी सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।लगातार हो रहे सड़क हादसों ने क्षेत्र में यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने घटनाओं की जानकारी जुटाते हुए अज्ञात वाहनों की तलाश शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)