सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र स्थित नारदानंद आश्रम के गुरुकुल विद्यालय से लापता हुए तीन छात्रों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। तीनों छात्र अब लखनऊ निवासी छात्र आर्यन गुप्ता के घर पहुंच गए हैं। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के अपराध की बात सामने नहीं आई है। छात्र स्वयं जाने की बात बता रहे हैं।
नारदानंद आश्रम में तीनों छात्र संस्कृत की पढ़ाई कर रहे थे। लापता होने वाले छात्रों की पहचान आर्यन गुप्ता, हिमांशु पांडे और अनिकेश मिश्रा के रूप में हुई है। तीनों कक्षा 6 (प्रथम खंड) के छात्र हैं। इनमें आर्यन गुप्ता लखनऊ, हिमांशु पांडे हरदोई और अनिकेश मिश्रा अयोध्या के रहने वाले बताए गए हैं।
ALSO READ: UP: मुगलसराय पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 10 लोगों पर कार्रवाई
तीनों छात्रों के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कई टीमें गठित कर छात्रों की तलाश शुरू की। पुलिस ने आश्रम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस की सक्रियता के बाद तीनों छात्रों को लखनऊ से सकुशल बरामद कर लिया गया।
Also Read: UP: रायबरेली में आरपी यादव की हुंकार से गरमाई सियासत, ‘समय बदलेगा’ के बयान पर चर्चा तेज
सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही SHO नवनीत मिश्रा, मिश्रिख क्षेत्राधिकारी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और छात्रों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गईं।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। छात्रों के परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है और उनके आश्रम से जाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल तीनों छात्रों के सकुशल मिलने से परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































