पीलीभीत : जिले में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के बाद अब कांग्रेस ने भी हल्ला बोल दिया है। वोट चोरी के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।
जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता गैस चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां से सभी कार्यकर्ता हाथों में मसाल लेकर जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए रवाना हुए। मशाल लेकर कार्यकर्ताओं ने गैस चौराहे से रेलवे स्टेशन तक जुलूस निकाला, जो सुनगढ़ी थाना और छतरी चौराहा से गुजरा।
Also Read: ‘शादी से पहले शारीरिक संबंध किसी के चरित्र पर दाग नहीं..’, बोला सुप्रीम कोर्ट
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर नारेबाजी की। छतरी चौराहा स्थित पार्क में पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा की साफ सफाई कर उन्होंने विरोध जताया। जिलाध्यक्ष चब्बा ने कहा कि कथित वोट चोरी के मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए और हाईकमान के निर्देश पर आगे भी प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली परमेंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी नरेश त्यागी मय पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान युसूफ मलिक, अभिनय गुप्ता गोल्डी, अनवर अनीस, हेमंत मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














