आगरा: शहर के जीएसटी कार्यालय में सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब 12 सूत्रीय मांगों को लेकर पहुंचे व्यापारियों की अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हो गई। व्यापारियों ने जीएसटी अधिकारियों पर सर्वे के नाम पर उत्पीड़न और वसूली का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
व्यापारी नेताओं का आरोप है कि दुकानों का विधिवत रजिस्ट्रेशन होने के बावजूद जीएसटी अधिकारी अनावश्यक रूप से दस्तावेजों की जांच करते हैं और व्यापारियों को परेशान करते हैं। उनका कहना है कि सर्वे की आड़ में व्यापारियों से धन ऐंठने का प्रयास किया जाता है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, व्यापारी अपनी मांगों को लेकर जीएसटी कमिश्नर पंकज गांधी के समक्ष बैठे हुए थे। इसी दौरान ज्वाइंट कमिश्नर ने व्यापारियों से नारेबाजी न करने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
व्यापारियों का आरोप है कि ज्वाइंट कमिश्नर द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद व्यापारियों और अधिकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। घटना के दौरान जीएसटी कार्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा।
व्यापारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों का कथित उत्पीड़न नहीं रुका, तो वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज शोषण के खिलाफ एकजुट है और जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
















































