UP: फर्रुखाबाद में कलश यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोर की मौत

UP: फर्रुखाबाद (Farrukhabad) जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में शनिवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। नए मकान और मंदिर के निर्माण की खुशी में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर गांव में कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान यात्रा में ध्वज लेकर चल रहा 16 वर्षीय किशोर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और बाद में उसकी मौत हो गई, जिससे खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।

ध्वज का बांस हाईटेंशन लाइन से छूने पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सिरौली निवासी सुबोध के घर भागवत कथा का आयोजन किया गया था। कथा शुरू होने से पहले गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा में सुबोध का भतीजा अखिलेश प्रजापति (16) सबसे आगे चल रहा था और हरे बांस में लगा ध्वज थामे हुए था। जैसे ही जुलूस मंदिर के पास पहुंचा, ध्वज का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। बांस गीला और हरा होने के कारण उसमें तेजी से करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आकर अखिलेश गंभीर रूप से झुलस गया।

Also Read: उत्तर प्रदेश: परिजनों को प्रेम प्रसंग नहीं था मंजूर… प्रेमी जोड़े ने पेड़ से लटक कर दे दी जान, घर में मचा कोहराम

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत अखिलेश को एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पढ़ाई में तेज था मृतक छात्र

परिजनों के मुताबिक अखिलेश प्रजापति पढ़ाई में बेहद होनहार था और इन दिनों उसकी कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं चल रही थीं। उसके पिता मुकेश प्रजापत और मां नारायण देवी जिले से बाहर रहकर बर्फ का कारोबार करते हैं, जबकि अखिलेश अपने चाचा के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। दो भाइयों में दूसरे नंबर पर रहने वाले अखिलेश की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Input- Abhishek Gupta ( Reporter- Farrukhabad) 

(देश और दुनिय%