UP: पंचायत मतदाता सूची से नाम गायब होने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, BLO के खिलाफ खोला मोर्चा

UP: मैनपुरी के जागीर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम एलाऊ में पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में बड़ी संख्या में पात्र लोगों के नाम नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। शनिवार को दर्जनों ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर बीएलओ के खिलाफ नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन में महिलाओं और युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही।

कई परिवारों के नाम सूची से बाहर होने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम मतदाता सूची में अनेक पात्र नागरिकों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। गांव निवासी हरिओम चौहान के अनुसार, उनका, उनकी पत्नी, माता और भाई का नाम पंचायत मतदाता सूची में नहीं है, जबकि विधानसभा मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज हैं और उनके पास वैध मतदाता पहचान पत्र भी मौजूद है।

Also Read: UP Election 2027: आजाद समाज पार्टी ने किया बड़ा ऐलान, विधानसभा टिकट चाहिए तो पास करना होगा इंटरव्यू

युवाओं के नाम भी नहीं जोड़े जाने से नाराजगी

हरिओम चौहान ने बताया कि यह समस्या केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं है। गांव के कई परिवारों के नाम सूची से छूट गए हैं। उन्होंने दावा किया कि लगभग 50 ऐसे युवा हैं जिनकी उम्र 18 वर्ष से अधिक हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए।

सीएम पोर्टल और एसडीएम से की गई शिकायत

ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई है। इसके अलावा थाना दिवस के दौरान एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए मजबूर होंगे।

Also Read:UP: अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में CM योगी सख्त, FIR के दिए निर्देश

विशेष शिविर लगाने और जांच की उठाई मांग

ग्रामीणों ने पंचायत मतदाता सूची की तत्काल जांच, छूटे हुए पात्र मतदाताओं का सत्यापन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गांव में विशेष शिविर लगाकर मतदाताओं के नाम जोड़ने की व्यवस्था करने की भी अपील की गई है। प्रदर्शन में रामराज राठौर, विकास कुमार, अजय राठौर, दिनेश कठेरिया, मंजू देवी, पुष्पा देवी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम नीरज द्विवेदी ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद पात्र लोगों के नाम शीघ्र सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है