UP: जलभराव और बदहाल नालियों से खिंदूरी के ग्रामीण त्रस्त, बीमारी फैलने का मंडरा रहा खतरा

UP: गोंडा के हलधर मऊ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत खिंदूरी में नाली व्यवस्था की बदहाली से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जगह-जगह पानी जमा रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार-पांच वर्षों से यह समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन अब तक समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

जलभराव के कारण गांव की गलियों और रास्तों पर कीचड़ फैला रहता है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में सबसे अधिक दिक्कत होती है। वहीं जमा पानी में मच्छर और कीड़े-मकोड़े पनप रहे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण हालात और खराब हो जाते हैं। कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है कि गांव वालों को खुद ही सफाई करनी पड़ती है।

ग्रामीण मन्नान खान का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नाली निर्माण और जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

इस दौरान हाफिज फरीद खान, उबैद खान, सफील खान उर्फ बाबू, इकबाल खान सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फिरोज खान का कहना है कि उन्होंने डीपीआरओ व जिला अधिकारी महोदय से 6 से 7 बार मिलकर ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी नियुक्त करने के लिए बात की है लेकिन अभी तक कोई नियुक्ति नहीं की गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)