UP: नवंबर में उठनी थी डोली, लोन नदी में तैरता मिला 10 दिन से लापता युवती का शव

रायबरेली: लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहरामपुर गांव में बृहस्पतिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लोन नदी से 10 दिन से गायब युवती का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​बहरामपुर गांव निवासी कल्लू की 25 वर्षीय पुत्री दिव्या बीते 31 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने लालगंज कोतवाली में गुमशुदगी की दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार युवती की तलाश में जुटी हुई थी।

Also Read: UP: रायबरेली में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिला अस्पताल समेत CHC-PHC में व्यवस्थाएं दुरुस्त

​बृहस्पतिवार को लोन नदी का जलस्तर कम होने पर ग्रामीणों ने झाड़ियों और बेर के पेड़ में फंसा एक शव देखा। सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पानी में उतरकर शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्त कराने पर उसकी पहचान लापता दिव्या के रूप में हुई।

Also Read: ‘ससुरालवालों को बाधा नहीं बनने दूंगा…’, आकाश आनंद ने मायावती से मांगी माफी, कहा- दोबारा मिले पार्टी में काम करने का मौका

​नवंबर में तय थी शादी, हत्या या हादसा?

ग्रामीणों के मुताबिक, दिव्या का विवाह इसी साल नवंबर माह में होना तय हुआ था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। अचानक हुई इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं कि युवती की मौत नदी में डूबने से हुई है या फिर उसकी हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।

​प्रभारी निरीक्षक लालगंज प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो सकेगी। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )