बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मटेरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में शुक्रवार को 28 वर्षीय युवक ने खलिहान में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शंकरपुर निवासी पवन अवस्थी शुक्रवार को किसी काम से घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित खलिहान गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पवन का शव खलिहान में एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। जिसके बाद परिजनों में हड़कप मच गया।
Also Read: कट सही या जांच में चूक? TTE ने युवक को GRP थाने पहुंचाया, हुआ बवाल
मृतक के भाई पंकज ने बताया कि पवन की पत्नी करीब दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। परिवार की ओर से कई बार उसे वापस बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह ससुराल नहीं आई। इसी बात को लेकर पवन काफी समय से परेशान और चिंतित रहता था।
सूचना मिलते ही मटेरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। युवक की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।


















































