UP: सुल्तानपुर के कादीपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद सरैया बाजार में गर्भपात के बाद 27 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान गुड़िया निषाद, पत्नी बृजेश निषाद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पॉली क्लीनिक में कराया गया था गर्भपात
परिजनों के मुताबिक गुड़िया करीब तीन महीने की गर्भवती थी। कुछ दिन पहले शांति उर्फ बुआ नाम की महिला के माध्यम से संत तुलसीदास पीजी कॉलेज के सामने स्थित एक पॉली क्लीनिक में उसका गर्भपात कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि शांति उर्फ बुआ गर्भपात और प्रसव कराने का काम करती थी।
तबीयत बिगड़ने पर लखनऊ ले गए परिजन
बताया जा रहा है कि गर्भपात के बाद 8 अगस्त को गुड़िया की तबीयत अचानक खराब हो गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान 10 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई।
दो लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
महिला की मौत के बाद परिजनों ने कादीपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा संख्या 285/26 दर्ज करते हुए शांति उर्फ बुआ और भीम चरन के खिलाफ धारा 105, 319(2) बीएनएस तथा धारा 15(2) भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमें भेजी गई हैं।
पॉली क्लीनिक सीज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ सुलतानपुर ने चिकित्सकों की टीम गठित की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने संबंधित पॉली क्लीनिक को सीज कर दिया। वहीं, मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















































