UP: ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, घंटों बाद भी नहीं हो सकी पहचान

जौनपुर: खेतासराय रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर उत्तर ट्रेन की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय अज्ञात महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन देर शाम तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी।

जानकारी के अनुसार वाराणसी-अयोध्या रेलखंड पर खेतासराय-दीदारगंज मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के उत्तर पोल संख्या 852/31 के पास रविवार दोपहर करीब 12:18 बजे गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जा रही गोदान एक्सप्रेस गुजरी। इसी दौरान महिला ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Also Read: कफ सिरप कांड: शुभम जायसवाल के घर ED ने चस्पा किया नोटिस, धनंजय सिंह से नज़दीकियों के बाद अंडरवर्ल्ड में आलोक की पैठ गहरी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महिला की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। मृतका ने सफेद-काली फूलदार साड़ी, हल्के हरे रंग का ब्लाउज और पेटीकोट पहन रखा था। उसके पैर में लाल रंग का जूता व पायल तथा कान में पीली धातु के आभूषण थे।

इन पहचान चिह्नों के आधार पर पुलिस आसपास के गांवों में महिला की शिनाख्त कराने में जुटी रही। देर शाम तक कोई पहचान नहीं हो सकी। आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच के साथ मृतका के परिजनों का पता लगाने में जुटी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)