UP: बजट की कमी से रायबरेली एम्स में रुका क्रिटिकल केयर ब्लॉक का काम, स्वास्थ्य मंत्री से मिलीं अदिति सिंह

UP: रायबरेली एम्स परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का कार्य बजट के अभाव में अटक गया है। इस समस्या के समाधान और निर्माण कार्य को गति देने के लिए रायबरेली सदर विधायक अदिति सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से मुलाकात की। विधायक ने केंद्रीय मंत्री को औपचारिक पत्र सौंपकर परियोजना की शेष धनराशि जल्द अवमुक्त कराने का अनुरोध किया। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पूरे विषय को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक सहयोग और त्वरित कार्रवाई का पूर्ण आश्वासन दिया है।

​33.24 करोड़ की कुल परियोजना

सदर विधायक अदिति सिंह द्वारा केंद्रीय मंत्री को सौंपे गए पत्र के अनुसार, केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन’ (PM-ABHIM) योजना के तहत रायबरेली एम्स में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक के निर्माण को स्वीकृति मिली थी। इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 3324.07 लाख रुपये (लगभग ₹33.24 करोड़) है। इस निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए ‘उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड (इकाई-19, लखनऊ)’ को कार्यदायी संस्था नामित किया गया था।

Also Read: UP: रायबरेली एम्स में शुरू हुई गैस्ट्रो OPD, पेट और लिवर के मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा बाहर

​समय पर बजट न मिलने से रुका कार्य

पत्र में विधायक ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा स्वीकृत इस परियोजना के सापेक्ष कार्यदायी संस्था को अब तक केवल 1716.25 लाख रुपये की धनराशि ही जारी की गई है। जबकि इस क्रिटिकल केयर ब्लॉक को पूरा करने की लक्षित तिथि 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई थी। समय पर शेष बजट प्राप्त न होने के कारण निर्माण कार्य निर्धारित समयांतर्गत पूरा नहीं हो सका, जिससे यह निर्माणाधीन अस्पताल भवन अभी तक आम जनता के उपयोग में नहीं आ पाया है।

शीघ्र बजट जारी होने पर क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

विधायक अदिति सिंह ने केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को अवशेष धनराशि तुरंत निर्गत करने का निर्देश देने का अनुरोध किया, जिससे अधूरा कार्य शीघ्र पूरा कराया जा सके। एम्स में यह ब्लॉक शुरू होने से रायबरेली व आसपास के जनपदों के अति-गंभीर मरीजों को एम्स परिसर में ही त्वरित और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.