UP: जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र में पढ़ने को मजबूर मासूम, हादसे को दावत दे रहा झुका हुआ गार्डर

UP: हाथरस में शिक्षा और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक तरफ केंद्र और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी तरफ हाथरस में छोटे-छोटे मासूम बच्चे बदहाल और जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र में पढ़ने को मजबूर हैं।

पूरा मामला हाथरस जिले के नया बांस और सुरंगपुरा क्षेत्र स्थित आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ा बताया जा रहा है। केंद्र के बदतर हालातों का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्र की स्थिति साफ तौर पर दिखाई दे रही है।वीडियो में केंद्र की छत का गार्डर बीच से झुका हुआ नजर आ रहा है। इसकी हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

Also Read: शिक्षा या राजनीति? स्कूल में ‘PDA पाठशाला’ चलाने पर सपा नेत्री पर FIR दर्ज, बच्चों से पार्टी प्रचार कराने का आरोप

अगर अचानक गार्डर या छत का कोई हिस्सा गिर जाता है तो उस समय केंद्र में मौजूद मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती है।सिर्फ इतना ही नहीं, आंगनवाड़ी केंद्र के परिसर में गंदगी का भी अंबार लगा हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसे में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई। आरोप है कि कुछ लोग मौके पर पहुंचे भी और स्थिति का वीडियो बनाकर चले गए, लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं कराया गया।अब सवाल यह है कि आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारी इस जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र की सुध लेंगे? देखना होगा कि कब तक व्यवस्था दुरुस्त होती है और कब इन मासूम बच्चों को सुरक्षित माहौल में पढ़ाई करने का मौका मिलता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.