UP : पुलिया के नीचे पानी में मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

श्रावस्ती: भिनगा कोतवाली क्षेत्र के सेमरी चौराहे के पास रविवार शाम पुलिया के नीचे पानी में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय लोगों ने शव को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान भिनगा के बारी मोहल्ला निवासी रवि (38 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रवि रविवार को ऑटो से एक व्यक्ति को छोड़ने के लिए इकौना गया था। लौटते समय वह किन परिस्थितियों में पुलिया के नीचे पानी में पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रवि चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और अविवाहित था। परिजनों के मुताबिक उसके दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। ऐसे में घर की जिम्मेदारी रवि और उसके बड़े भाई पर थी। रवि की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम का माहौल है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना को लेकर स्थानीय लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ लोगों का अनुमान है कि पुलिया के पास पैर फिसलने से वह पानी में गिर गया होगा। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)