UP: इटावा के सैफई थाना क्षेत्र में एक युवती के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक युवती चरण सिंह पीजी कॉलेज, हेंवरा में फीस जमा करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर परिवार ने थाना सैफई में शिकायत दर्ज कराई और गांव के ही एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया।
परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को आरोपी युवक का मोबाइल नंबर, संभावित ठिकानों और अन्य जरूरी जानकारियां भी उपलब्ध करा दी थीं। इसके बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय कॉल डिटेल्स का इंतजार किया। परिवार का आरोप है कि यदि शुरुआती स्तर पर सक्रियता दिखाई जाती तो युवती की बरामदगी की संभावना अधिक थी।
महिला उपनिरीक्षक की जांच पर भी जताई नाराजगी
परिवार का आरोप है कि मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक सुमन पाल को सौंपी गई है, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। परिजनों ने दावा किया कि संबंधित अधिकारी पर पहले भी लापरवाही के आरोप लग चुके हैं और उन शिकायतों की जांच एसपी ग्रामीण तथा सीओ सैफई स्तर पर चल रही है।
लगातार थाने के चक्कर, स्थानीय लोगों ने भी उठाई आवाज
युवती के माता-पिता और भाई लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं और उसकी सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि महिलाओं और युवतियों से जुड़े मामलों में पुलिस को अधिक संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
एसएसपी से विशेष टीम बनाकर जांच की मांग
मामले में अब परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा से हस्तक्षेप की मांग की है। परिवार ने युवती की जल्द सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित करने के साथ-साथ मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल युवती का कोई सुराग नहीं लग सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी होने की बात कह रही है।

















































