UP: अमेठी कोतवाली क्षेत्र में कंप्यूटर सीखने के लिए आने-जाने वाली एक छात्रा से छेड़छाड़ और मोबाइल नंबर मांगकर परेशान करने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अमेठी में खेरौना के पास स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट कंप्यूटर एजुकेशन में कंप्यूटर सीखने के लिए आती-जाती है। आरोप है कि इस दौरान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बढ़गांव निवासी राहुल उसे आए दिन परेशान करता था। वह बार-बार छात्रा से मोबाइल नंबर मांगता था और गलत नीयत से छेड़छाड़ करने की कोशिश करता था। छात्रा का आरोप है कि राहुल पहले भी कई बार इस तरह की हरकत कर चुका है।
पीड़िता के मुताबिक शुरुआत में उसने लोक-लाज के कारण मामले की जानकारी अपने परिवार को नहीं दी। जब आरोपी की हरकतें लगातार बढ़ने लगीं तो उसने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों के साथ छात्रा अमेठी कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
Also Read: UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल
छात्रा ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।
अमेठी कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि राहुल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 78 और 75 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















































