दिल्ली से बलिया तक हाहाकार…अखिलेश की गिरफ्तारी पर भड़के बागी सपाई

बलिया: देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर उत्तर प्रदेश के बागी बलिया तक सियासी पारा हाई हो गया है. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन और नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी से यूपी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला. बलिया में देर शाम सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच की झड़प हुई, जिसके बाद यह कारवां सीधे कलेक्ट्रेट परिसर जा पहुंचा और धरने पर बैठ गया.

टीटी कॉलेज चौराहे पर पुलिस और सपाइयों में तीखी झड़प

शाम ढलते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हाथों में तख्ती लेकर शहर के टीडी कॉलेज चौराहे पर इकट्ठा हो गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी. मामले की भनक लगते ही शहर कोतवाल, एडिशनल एसपी, सिटी मजिस्ट्रेट और एडीएम समेत भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किया, लेकिन जब सपाई नहीं माने तो पुलिस ने शख्ती दिखाई. कई कार्यकर्ताओं को हाथ-पैर पकड़कर और जबरन उठाकर पुलिस की गाड़ियों में ठूस दिया गया. इस जबरिया कार्रवाई के बावजूद कार्यकर्ताओं के तेवर धीरे नहीं पड़े और वह लगातार सरकार विरोधी नारे लगाते रहे।

UP: राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन की तैयारी, अमेठी में कांग्रेस नेताओं को किया गया नजरबंद

दिग्गजों का फूटा गुस्सा, जमकर बोला हमला

इस दौरान मौके पर मौजूद पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व सपा नेता संजय उपाध्याय, मिंटू खान और अमित दुबे समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव की गिरफ्तारी को तानाशाही करार दिया. करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामें और विरोध के बाद टीडी कॉलेज चौराहे के पास स्थित सपा कार्यालय पर फेफना विधायक व जिला अध्यक्ष संग्राम सिंह यादव के नेतृत्व में बैठक हुई. इस बैठक में सुशांत राज भारत, लक्षण गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए.

कलेक्ट्रेट परिसर में डेरा, केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग

पार्टी कार्यालय की बैठक के बाद सैकड़ो की संख्या में सपा कार्यकर्ता विधायक संग्राम सिंह यादव के नेतृत्व में सीधे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए. सपा जिला अध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने कड़े शब्दों में सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सभी सांसद दिल्ली में प्रधान मंत्री आवास के सामने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. कहा, नीट पेपर लीक के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे जिसके समर्थन में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष उतरे थे. हम मांग करते हैं कि अखिलेश यादव को तुरंत रिहा किया जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दे.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)