उत्तर प्रदेश : सकलडीहा में ट्रेन से कटकर युवक की मौत, प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर गांव निवासी चंद्रमोहन राम का पुत्र मोनू कुमार (20) इन दिनों घरचित गांव स्थित अपने बहनोई के घर रह रहा था. मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि घरचित गांव के समीप पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर–पटना रेल मार्ग पर एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है.

Also Read: ‘जमीन खाने के मामले में सैफई परिवार का पुराना रिकॉर्ड और अनुभव…’, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

सूचना मिलते ही सकलडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया.

सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि युवक का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उससे विवाह करना चाहता था। इसी बात को लेकर उसने कथित रूप से आत्मघाती कदम उठाया. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)