चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा मंगलवार को रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने डीडीयू नगर पहुंचे.
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने उद्योगों के विकास, औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं, भ्रष्टाचार, पंचायत चुनाव और राम मंदिर प्रकरण सहित कई मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों का भी जवाब दिया. अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान कि “भ्रष्टाचार की पाइपलाइन 5 कालिदास तक जुड़ी हुई है” पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 और 2017 से पहले देश और प्रदेश की स्थिति सभी ने देखी है, उस समय अखबारों में घोटालों की खबरें ही प्रमुखता से छपती थीं. उन्होंने कहा कि आज सरकारी नौकरियां पारदर्शी प्रक्रिया के तहत मिल रही हैं और युवाओं को बिना पैसे के नौकरी मिल रही है.
उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के प्रति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पंचायत चुनाव को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह छोटी-छोटी बातों पर राजनीति कर रहा है. उन्होंने बताया कि फिलहाल जनगणना की प्रक्रिया चल रही है और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद पंचायत चुनाव कराए जाएंगे. उन्होंने संकेत दिया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद पंचायत चुनाव कराए जाने की संभावना है.
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में राज्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकरण में जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, गिरफ्तारियां हुई हैं और जांच जारी है. उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी दोषी को बचाने के पक्ष में नहीं है और जांच में जो भी आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी.
औद्योगिक विकास पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्वांचल में उद्योगों को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के विस्तार और निवेश को लेकर पूरी तरह गंभीर है. औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि अधिग्रहण में आने वाली समस्याओं को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी और किसानों के साथ सहमति बनाकर समाधान निकाला जाएगा.
औद्योगिक क्षेत्र की खराब सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर जिलाधिकारी और मंडलायुक्त से बातचीत हो चुकी है तथा जल्द ही आवश्यक कार्य शुरू कराकर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा. राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दोहराया कि प्रदेश सरकार विकास, पारदर्शिता और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.















































