बाराबंकी : लखनऊ – बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी उसकी साली गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा रामनगर थाना क्षेत्र में दुर्गापुर के आगे संजय सेतु के पास स्थित तीव्र मोड़ पर हुआ. मृतक की पहचान अनिकेत वर्मा (21) पुत्र रामसुमेर वर्मा निवासी छेदी पुरवा मजरा बटुरहा, थाना फखरपुर, तहसील कैसरगंज, जनपद बहराइच के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार अनिकेत वर्मा की शादी संतोषी वर्मा (20) पुत्री प्रेम कुमार वर्मा निवासी रोशनलाल पुरवा, थाना फखरपुर के साथ हुई थी. सोमवार को दोनों अयोध्या घूमने के बाद बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव स्थित अनिकेत के बड़े भाई मस्तराम की ससुराल पहुंचे थे.
परिजनों के मुताबिक संतोषी के मायके पक्ष से किसी विवाद को लेकर नाराजगी और धमकी मिलने के बाद अनिकेत अपनी पत्नी को लेकर अपने भाई के यहां आ गया था. दोनों मंगलवार रात वहीं रुके. बुधवार सुबह परिवार के लोगों ने उन्हें समझाकर घर वापस जाने को कहा. इसके बाद अनिकेत बाइक से संतोषी को लेकर बहराइच लौट रहा था.
इसी दौरान रामनगर क्षेत्र में संजय सेतु के पास तीव्र मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि अनिकेत सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी संतोषी गंभीर रूप से घायल हो गई. सूचना पर पहुंची पीआरबी 112 की टीम ने घायल संतोषी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है. हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया. रामनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और बाइक को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई.
पुलिस ने टैंकर संख्या यूपी 32 ईएन 6515 और मोटरसाइकिल संख्या यूपी 40 बीएल 7190 को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया. उधर, परिजनों के अनुसार संतोषी की शादी टूटने के बाद उसकी छोटी बहन रिंकी की शादी बुधवार रात पारले मिल परसंडी चीनी मिल क्षेत्र, बहराइच निवासी राम शंकर के साथ तय कार्यक्रम के अनुसार होनी थी. जीजा अनिकेत की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया.
थाना प्रभारी राजबहादुर सरोज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. टैंकर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और हादसा करने वाले चालक की तलाश की जा रही है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































