हाथरस : बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी का मौके पर जाकर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था में कमियां या सफाई कार्य में लापरवाही पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बरसात के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गये
डीएम अतुल वत्स ने सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि कार्य में ढिलाई बरती गई तो जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का लक्ष्य बारिश के मौसम में शहरवासियों को बेहतर जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है। इसके लिए नगर क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































