अमेठी : जगदीशपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग की गोली मारकर की गई हत्या का अमेठी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को नियमानुसार निगरानी में लिया गया है। मामले में हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जून को लोढियावां मजरे बगाही निवासी 75 वर्षीय हीरालाल दुबे उर्फ बदलू दुबे की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के परिजन वीरेंद्र कुमार द्विवेदी की तहरीर पर जगदीशपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी सुशील कुमार यादव उर्फ विनय यादव (22) निवासी लोशनापुर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बाल अपचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश मृतक के ही पोते ने रची थी।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2016-17 में हाईवे निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन के बदले मृतक को करीब 85 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। इस धनराशि और संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। पोते को आशंका थी कि उसके बाबा अपनी पूरी संपत्ति अपने भतीजे वीरेंद्र दुबे के नाम कर देंगे, जिससे उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हो जाएगा। इसी नाराजगी में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत एक बाल अपचारी ने पिस्टल की व्यवस्था की और 8 जून की सुबह शौच के लिए निकले हीरालाल दुबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के पोते के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घटना स्थल से चार जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने मामले का त्वरित खुलासा करने वाली जगदीशपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की सराहना की है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































