सहारनपुर : जनपद के वीआईपी इलाके कोर्ट रोड स्थित होटल खातिरदारी में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक हर्ष खुराना (58) की लिफ्ट में गर्दन फंसने से मौत हो गई. हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ. सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में पुलिस तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
पुलिस के अनुसार, तिलक नगर कॉलोनी निवासी हर्ष खुराना का कोर्ट रोड पर होटल खातिरदारी और रेस्टोरेंट है. रेस्टोरेंट की ऊपरी मंजिल पर कारीगर काम करते है. ऊपर से सामान को लाने-लेजाने के लिए एक छोटी लिफ्ट बनाई हुई है. नीचे से फोन करने के बाद कारीगर ऊपर से सामान रख देते हैं, ऐसे ही नीचे ऊपर सामान भेजा जाता है.
रात के समय जब होटल मालिक हर्ष खुराना ने ऊपर कारीगर को सामान के लिए कहा. लेकिन देर तक सामान नहीं आया. जैसे ही हर्ष खुराना लिफ्ट की जगह से अंदर झांककर देखने लगे तभी लिफ्ट आ गई और हर्ष खुराना की गर्दन लिफ्ट के नीचे फंस गई. जिससे दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.















































