उत्तर प्रदेश : सहारनपुर में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म का आरोप, 8 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर : जिले के थाना कोतवाली मंडी क्षेत्र में महिला को कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना मंडी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि खजूरतला हाशिम चौक निवासी अनस ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया. इसके बाद उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर कथित रूप से दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता, उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी. शिकायत के आधार पर थाना मंडी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया.

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई शुरू की.

मुखबिर की सूचना पर आज सुबह पुलिस ने चिलकाना रोड स्थित अमन पैलेस के पास घेराबंदी कर आरोपी अनस को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है. आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है.

पुलिस का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. मामले की आगे की कार्रवाई न्यायालय और विवेचना के आधार पर होगी.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)