उत्तर प्रदेश : इटावा में प्रशासन का बड़ा एक्शन, भरथना में दूसरे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान; सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों में हड़कंप

इटावा : शासन के निर्देश पर तहसील भरथना में लंबित भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने दूसरे दिन भी सख्त कार्रवाई जारी रखी। उपजिलाधिकारी काव्या सी. के. एवं तहसीलदार दिलीप कुमार की मौजूदगी में कई गांवों में अवैध कब्जे हटवाए गए और वर्षों से लंबित भूमि विवादों का मौके पर ही समाधान कराया गया।

प्रशासन द्वारा गठित टीमों ने अभियान के तहत चिन्हित 10 ग्रामों में कुल 578 प्रकरणों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के दूसरे दिन बकेवर में रास्ते की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाया गया, जबकि नगला खादर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा भरथना देहात और ग्राम बिरारी में भी राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर लंबित विवादों का समाधान कराया।

महेवा ब्लॉक के ग्राम निवाड़ी कला में तहसीलदार दिलीप कुमार के नेतृत्व में गलियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और लोगों ने राहत की सांस ली।

अभियान के दौरान लेखपाल मनीष कुमार, सुधीर कुमार, गणेश दत्त, प्रवीण श्रीवास्तव, मनोज कुमार, संजय कुमार, शिवम पोरवाल, तान्या अवस्थी, रामनरेश यादव, राजीव यादव, आरिफ खान, गरिमा, राहुल चौबे, राहुल तिवारी, कृतिका श्रीवास्तव, राघवेंद्र पोरवाल, प्रीति, विपिन कुमार और जय प्रकाश सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भूमि विवादों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)