जौनपुर : जनपद पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना लाइन बाजार पुलिस एवं संयुक्त टीम ने लगभग तीन करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुपों पर बजाज कंपनी से लोन दिलाने, इन्वेस्टमेंट प्लान, टूर एंड ट्रैवल्स, इंश्योरेंस पैकेज तथा अन्य आकर्षक योजनाओं के प्रचार-प्रसार के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 12 जून 2026 को थाना लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक महेश पाल सिंह ने अपनी टीम के साथ सुखलालगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास रात्रि लगभग 8:30 बजे कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम सिंह पुत्र अनिल सिंह निवासी पपरावन, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर, उम्र लगभग 30 वर्ष को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक कूटरचित आधार कार्ड, चार सिम कार्ड, तीन कीपैड मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड, नौ बैंक पासबुक तथा सात चेकबुक विभिन्न व्यक्तियों के नाम से बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार इन दस्तावेजों और बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी के लिए किया जाता था। जांच में पता चला कि अभियुक्त के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर अपराध से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इनमें महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पंतनगर थाने में मुकदमा संख्या 190/26 तथा साइबर क्राइम थाना जौनपुर में मुकदमा संख्या 33/26 सहित अन्य मामले पंजीकृत हैं।
यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल साइबर क्राइम आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पोर्टल, समन्वय पोर्टल, प्रतिबिंब पोर्टल एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से जांच कर यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई।
















































