मथुरा : दिल्ली – आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर को अधिक सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) परियोजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है. योजना के तहत दिल्ली से आगरा तक हर किलोमीटर पर एआई आधारित ऑटो ट्रैकिंग कैमरे लगाए जा रहे हैं. अगले पांच माह में परियोजना पूरी होने के बाद दुर्घटना, जाम और अन्य असामान्य गतिविधियों की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी.
एनएचएआई के अनुसार, कैमरों और डिजिटल डिस्प्ले के लिए पोल व फाउंडेशन स्लैब लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है. प्रत्येक कैमरा करीब एक किलोमीटर क्षेत्र की निगरानी करेगा और उसकी रिकॉर्डिंग लंबे समय तक सुरक्षित रखी जाएगी. इससे आवश्यकता पड़ने पर घटनाओं का विश्लेषण भी किया जा सकेगा.
एआई तकनीक से लैस यह प्रणाली सड़क दुर्घटना, जाम, सड़क पर अवरोध, पशुओं की मौजूदगी और अन्य असामान्य गतिविधियों की पहचान कर तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेगी. इसके लिए महुअन टोल प्लाजा के निकट एनएचएआई कार्यालय परिसर में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है. अलर्ट मिलते ही ऑपरेटर इमरजेंसी सेवाओं को सूचना देंगे, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जा सके.
नई व्यवस्था के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त निगरानी रखी जाएगी. कैमरे ओवरस्पीड, सीट बेल्ट नहीं लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की पहचान कर चालान की कार्रवाई में मदद करेंगे. ओवरस्पीड वाहनों की निगरानी के लिए फुटओवर ब्रिज और ओवरहेड संरचनाओं पर विशेष कैमरे भी लगाए जाएंगे.
हाईवे पर कैमरों के साथ डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं, जिन पर वाहन चालकों को सुरक्षा संबंधी संदेश, यातायात संबंधी सूचनाएं और वाहन की गति प्रदर्शित होगी. इससे चालक समय रहते सतर्क हो सकेंगे और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा.
एआई कैमरों के साथ डिजिटल डिस्प्ले भी लगाए जा रहे हैं. इन पर वाहन चालकों को आवश्यक संदेश और उनके वाहन की गति दिखाई देगी. उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद हाईवे की निगरानी अधिक प्रभावी होगी और दुर्घटनाओं की स्थिति में राहत कार्य पहले की तुलना में काफी तेज हो सकेगा. – अखिल शर्मा हाईवे रखरखाव अधिकारी
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)









































