गोण्डा : जनपद गोण्डा में आज माननीय मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान समाजवादी पार्टी के लोकसभा क्षेत्र के जिला उपाध्यक्ष सुभाष गौतम को पुलिस प्रशासन द्वारा उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए सुभाष गौतम के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया और उनके आवागमन पर रोक लगा दी.
सुभाष गौतम ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्षी नेताओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना या लिखित आदेश के उन्हें घर पर ही रोक दिया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है.
वहीं, प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया. क्षेत्र में कार्यक्रम समाप्त होने तक पुलिस बल उनके आवास के बाहर तैनात है. इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और विपक्षी कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया है.















































