सहारनपुर : जनपद में आज मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. कुछ दिन पहले हुई भारी बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया था और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से बढ़ी उमस ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है.
सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को तेज उमस का सामना करना पड़ रहा है. गर्मी और उमस के कारण लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर भी अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दे रही है. उधर, मौसम में आए इस बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है.
जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. खासकर बच्चों में उल्टी, दस्त, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं. अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे ओपीडी पर भी दबाव बढ़ गया है. डॉक्टरों का कहना है कि उमस भरी गर्मी में शरीर में पानी की कमी होने का खतरा अधिक रहता है. ऐसे में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्का और ताजा भोजन करने तथा धूप और उमस से बचने की सलाह दी जा रही है.
चिकित्सकों ने कहा है कि यदि बहुत जरूरी काम न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और बच्चों का विशेष ध्यान रखें. फिलहाल सहारनपुर में बादलों के बावजूद लोगों को बारिश का इंतजार है, ताकि उमस भरी गर्मी से राहत मिल सके. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है.















































