उत्तर प्रदेश: श्रावस्ती में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, परिवार में जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

श्रावस्ती : यूपी के श्रावस्ती के नवीन मॉर्डन पुलिस थाना क्षेत्र के अमारेभरिया मलपुरवा में 29 वर्षीय विवाहिता राधा जायसवाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है ससुराल पक्ष इसे सामान्य मृत्यु बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं.

मृतका राधा जायसवाल की शादी करीब 14 वर्ष पहले अमारेभरिया मलपुरवा निवासी हरिओम जायसवाल से हुई थी. हरिओम कटरा बाजार में खाद-बीज की दुकान चलाते हैं. घटना के समय बच्चे स्कूल गए हुए थे और राधा घर में अकेली थीं। ससुराल के अन्य सदस्यों के अनुसार, जब उन्होंने कमरे में देखा तो राधा का शव फंदे से लटका हुआ था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के भतीजे मनोज जायसवाल ने ससुराल पक्ष पर कथित हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि घटना के समय फूफा हरिओम जायसवाल घर पर मौजूद नहीं थे. मनोज जायसवाल का आरोप है कि राधा के गले पर काला धब्बा है, जिससे हत्या की आशंका और बढ़ जाती है।

परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था

भतीजे मनोज जायसवाल ने यह भी कथित आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. ससुर द्वारा एक बेटे को अधिक जमीन दिए जाने को लेकर अक्सर झगड़ा होता था. मनोज जायसवाल ने दावा किया कि घटना से एक रात पहले भी घर में झगड़ा हुआ था और राधा ने फोन करके मायके में इसकी जानकारी दी थी.

स्थानीय लोगों के अनुसार, राधा के पति हरिओम तीन भाइयों में मंझले हैं और उनकी दुकान घर से करीब तीन किलोमीटर दूर है। राधा अपने पीछे तीन छोटे बच्चों, 12 वर्षीय मयंक, 8 वर्षीय नैंसी और 5 वर्षीय सार्थक को छोड़ गई हैं। घर में ससुर, जेठ और जेठानी भी साथ रहते हैं।

INPUT-ANANYA MISHRA

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.