उत्तर प्रदेश : दुकान में चोरी का खुलासा, कारीगर ही निकला चोर, लाखों की नकदी और लैपटॉप के साथ दो गिरफ्तार

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के रसड़ा थाना क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये और लैपटॉप चोरी करने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस चोरी को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि इस दुकान पर काम करने वाला कारीगर ही निकला. पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई पूरी रकम और सामान बरामद कर लिया है.

घटना के संबंध में दुकानदार ने 4 जुलाई को थाने में तहरीर दी थी। पीड़ित के अनुसार वह 3 जुलाई की शाम दुकान बंद कर घर गया था. अगले दिन सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि काउंटर की दराज टूटी हुई थी. चोरों ने दीवार तोड़ कर दुकान में प्रवेश किया था और काउंटर में रखे नगदी व एचपी कंपनी का लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की थी.

5 जुलाई को उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार और उनके टीम क्षेत्र में गश्त पर थे. इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस फर्नीचर की दुकान पर ही काम करने वाले कारीगर विशाल उर्फ अमित और उसके साथी विशाल कुमार शर्मा को हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने चोरी किया गया एचपी लैपटॉप, चार्जर, एक अमेरिकन टूरिस्ट बैग, घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और ₹144100 की नकदी बरामद की है.

पुलिस ने विशाल उर्फ अमित पुत्र कमलेश शर्मा और विशाल कुमार शर्मा पुत्र जयराम शर्मा को इस मामले में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस की धारा 305ए, 331(4), 317(2), 61(2) में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है जहां से जेल भेज दिया गया है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)