अमेठी : अमेठी जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के हरपालपुर गांव में शुक्रवार सुबह धान की रोपाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो किसानों की करंट लगने से मौत हो गई. खेत में पानी भरते समय विद्युत पोल से केबल टूटकर नीचे गिर गई, जिससे खेत में भरे पानी में करंट प्रवाहित होने लगा. करंट की चपेट में आने से हीरालाल प्रजापति (52) पुत्र गुरुदीन प्रजापति गंभीर रूप से झुलस गए.
इसी दौरान वहां से गुजर रहे रामबोध यादव (55) पुत्र शिवभरत यादव ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन जैसे ही उन्होंने हीरालाल को छुआ, वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों किसान मौके पर अचेत होकर गिर पड़े.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर (ट्रॉमा सेंटर) ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. एक साथ दो किसानों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीणों के अनुसार खेत में ट्यूबवेल से पानी भरा जा रहा था, तभी विद्युत पोल से केबल टूटकर नीचे गिर गई और पानी में करंट उतर आया, जिससे यह हादसा हुआ.
बताया जा रहा है कि अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन दोनों शवों को घर ले आए थे. बाद में सूचना मिलने पर जगदीशपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है. शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद पूरे हरपालपुर गांव में शोक का माहौल है.















































