UP: बरेली (Bareilly) जनपद के शाही थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने गांव के ही एक युवक पर जरी का काम देने के बहाने अपने घर बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी सलीम जरी का काम करवाता था, जिसके चलते उसका घर पर आना-जाना था। आरोप है कि जब घर में कोई नहीं होता था तो वह अश्लील बातें करता था और फोन पर भी आपत्तिजनक बातचीत करता था, जिसकी रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है। करीब एक माह पहले आरोपी ने नए घर पर काम देने के बहाने बुलाया, जहां कथित तौर पर उसने जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर निकाह का झांसा दिया।
रिपोर्ट दर्ज न होने पर एसएसपी से लगाई गुहार
पीड़िता के अनुसार 21 फरवरी की रात आरोपी उसके घर में घुस आया और फिर से दुष्कर्म किया। जब उसने निकाह की बात दोहराई तो आरोपी टालमटोल करने लगा। 22 फरवरी को युवती आरोपी के घर पहुंची और शादी की मांग की, जहां उसके साथ कथित रूप से मारपीट कर भगा दिया गया। 23 फरवरी को शाही थाने में तहरीर देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद युवती बरेली पहुंची और एसएसपी से शिकायत की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरे पक्ष ने लगाया मारपीट और लेन-देन का आरोप
मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। शानू नामक युवक ने आरोप लगाया कि 22 फरवरी की सुबह जरी के काम के पैसों के लेन-देन को लेकर गांव के फईम खान, सईम खान, नौशीन खान और सन्नो ने उसके भाई सलीम के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे शानू को भी पीटने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने उसकी तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
शाही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश बैंसला ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।














































