उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में तीन प्रमुख कंपनियों को भूमि आवंटित की गई है। यह निर्णय इन्वेस्ट यूपी की सिफारिश पर लिया गया है, जिससे प्रदेश में निवेश का माहौल और अधिक मजबूत हुआ है। इन परियोजनाओं के माध्यम से कुल 3,400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने की उम्मीद है, साथ ही करीब 5,700 से अधिक रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा की बड़ी परियोजना से रोजगार सृजन
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड को सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि प्रदान की गई है, जहां कंपनी ट्रैक्टर और निर्माण उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में लगभग 2,029 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। यह यूनिट कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को नई मजबूती देने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
Also Read: ‘पत्रकारों, शिक्षकों और वकीलों को मिलेंगे आवास…’, सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान
कृषि मशीनरी और फूड प्रोसेसिंग में बढ़ेगा विस्तार
सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां कंपनी ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब 1,219.81 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 1,200 लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं, सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को 30,000 वर्गमीटर भूमि दी गई है, जहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। इस परियोजना से 225 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आएगा और 500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
उद्योग अनुकूल नीतियों से बढ़ा निवेशकों का विश्वास
राज्य में बढ़ते निवेश को सरकार की उद्योग समर्थक नीतियों, सिंगल विंडो सिस्टम और बेहतर बुनियादी ढांचे का परिणाम माना जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र तेजी से औद्योगिक हब के रूप में उभर रहा है, जहां बड़ी कंपनियां निवेश के लिए आगे आ रही हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है, और यह निवेश उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।










































