UP: देशभर में शनिवार, 7 मार्च से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं। 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये का इजाफा किया गया है और अब यह 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की वृद्धि हुई है और अब इसे 1883 रुपये में खरीदा जा सकेगा। यह बढ़ोतरी अप्रैल 2025 के बाद हुई है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और आलोचना
एलपीजी की बढ़ती कीमतों के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसा और कहा कि ‘जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई।’ उनका यह बयान गैस सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि के ठीक बाद आया, जिससे राजनीतिक मुद्दा और गर्म हो गया है।
आपूर्ति में कमी की योजना
गैस की कीमतों में इजाफे के पीछे आपूर्ति में कमी की संभावना भी है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल इंडिया लिमिटेड ने कुछ ग्राहकों को गैस की आपूर्ति घटाने की योजना बनाई है। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उनके एलएनजी आपूर्तिकर्ता ने ‘अपरिहार्य स्थिति’ नोटिस जारी किया है, जिसमें अनुबंध पूरा न कर पाने की स्थिति का उल्लेख किया गया है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव का असर
विशेषज्ञों के अनुसार, एलपीजी की कीमतों में यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से आयात होने वाली तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति में रुकावट के कारण हुई है। ईरान द्वारा जलडमरूमध्य बंद किए जाने से गैस की अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति प्रभावित हुई है और इसका असर भारत सहित दुनिया भर में दिख रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































