दिल्ली में 3 फरवरी को हुए कार एक्सीडेंट मामले में आरोपी के पिता का बयान सामने आया है। नाबालिग आरोपी के पिता ने कहा कि, जब यह घटना हुई तब वह शहर से बाहर थे। उनके बेटे ने नादानी में कार की चाबियां ले ली होंगी। अगर मैं दिल्ली में होता तो शायद यह घटना नहीं होती। पिता ने आगे कहा कि, इस घटना से वह बेहद शर्मिंदा हैं। उन्होंने पीड़ित की मां को मैसेस भी भेजा है। अब सच्चाई को नहीं बदला जा सकता है लेकिन वे उस मां के दर्द को समझते हैं। मैं अपनी पूरी जिंदगी उनसे माफी मांगने को तैयार हूं। दिल्ली में 3 फरवरी को एक स्कॉर्पियो की टक्कर से 23 साल के साहिल धनेशरा की मौत हो गई थी। कार चलाने वाला नाबालिग है।
पिता ने बताया कि हादसे के समय वह काम से गोरखपुर में थे. उनका कहना है कि ‘बेटे ने नादानी में कार की चाबी ले ली होगी.’ उन्होंने कहा, ‘अगर मैं दिल्ली में होता तो शायद यह घटना नहीं होती. उसकी मां घर पर थीं, उसने नादानी में गलत व्यवहार किया. जब मैं घर पर रहता हूं तो सख्त माहौल रखता हूं.’उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा मौके से भागा नहीं और घायलों की मदद की. पत्नी से घटना की जानकारी मिलने पर, शहर से बाहर होने के बावजूद, उन्होंने परिवार को घायल को अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी।
साहिल की मां इन्ना माकन ने हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उनका दावा है कि यह वीडियो कार के अंदर से रिकॉर्ड किया था। यह वीडियो ड्राइविंग सीट के बगल में बैठी नाबालिग आरोपी की बहन रील बनाने के मकसद से रिकॉर्ड कर रही थी। वीडियो में दिखा कि नाबालिग आरोपी बिना डिवाइडर वाली सड़क पर बाईं तरफ गाड़ी चला रहा था। सामने से एक बस आ रही थी। कार बस से बाल-बाल बचती है और फिर अचानक साहिल की बाइक से सीधी टक्कर हो जाती है। वीडियो में यह भी दिखा कि साहिल अपनी बाइक से बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। साहिल की मां ने दावा किया है कि वीडियो का वह हिस्सा काट दिया गया है, जिसमें हादसा होते दिखा था।
यह हादसा द्वारका के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास 3 फरवरी की सुबह 11:57 बजे हुआ। बाइक से टक्कर के बाद स्कॉर्पियो ने एक टैक्सी को भी टक्कर मारी। पुलिस ने मौके पर पहुंचने पर देखा कि एक स्कॉर्पियो, एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी और साहिल की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। साहिल का शव सड़क किनारे पड़ा था।
साहिल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मंगलवार को सामने आई। इसमें खुलासा हुआ है कि उसकी मौत सिर और सीने में लगी घातक चोटों और भारी ब्लीडिंग के कारण हुई। उसके सिर के बाएं हिस्से में गंभीर चोट थी। खोपड़ी की हड्डी में फ्रैक्चर था। स्कैल्प के नीचे खून का थक्का भी मिला। बाईं तरफ की 4वीं, 5वीं और 6वीं पसलियों में फ्रैक्चर मिला। फेफड़ों में करीब 100-100 मिलीलीटर खून पाया गया, जो गंभीर अंदरूनी सीने की चोट का संकेत है। रिपोर्ट के अनुसार फेफड़ों को गंभीर क्षति पहुंची थी। दाएं ऊपरी हाथ (राइट अपर लिम्ब) में भी चोट थी और शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा था।
इससे पहले सोमवार को साहिल की मां ने अपना एक वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने बेटे के लिए न्याय की मांग की। उन्होंने कहा- रईसजादे की ‘मस्ती’ के कारण मेरे बेटे की जान चली गई। इन्ना ने कहा, ‘कुछ लोगों को लगता है कि माता-पिता की दौलत उन्हें सड़क पर कुछ भी करने का लाइसेंस देती है।’ साहिल की मां के मुताबिक, उनका बेटा घर से सुबह ऑफिस के लिए निकला था। दोपहर 1 बजे उन्हें एक्सीडेंट की जानकारी मिली। इन्ना ने कहा- मैं पहुंची तो देखा कि मेरा बेटा सड़क पर पड़ा था। उसकी जैकेट फटी हुई थी। वह लगभग 10 मिनट से मदद के लिए चीख रहा था। एम्बुलेंस मौजूद थी लेकिन उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया।
इन्ना ने दावा किया कि स्कॉर्पियों ड्राइवर पर पहले से 13 ओवर-स्पीडिंग चालान हैं। फिर भी उसके पिता ने उसे नहीं रोका। उसके पास लाइसेंस भी नहीं था। मेरा बच्चा चला गया। सड़क पर कोई सुरक्षित नहीं है। अमीरों की यह सोच है कि वे कुछ भी कर सकते हैं। ऐसी सोच पूरी व्यवस्था को खतरे में डालती है।
INPUT-ANANYA MISHRA












































