बहराइच में रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई महिला, मौके पर मौत, 72 घंटे तक नहीं हो सकी पहचान

बहराइच: कोतवाली देहात क्षेत्र में मंगलवार को उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब बेरिया रेलवे क्रॉसिंग संख्या 37सी पार करते समय करीब 50 वर्षीय महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महिला की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से महिला के बारे में जानकारी जुटाई।

Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी

आसपास के गांवों में कराई गई पूछताछ

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों और राहगीरों से महिला की पहचान के संबंध में पूछताछ की। आसपास के गांवों में भी जानकारी कराई गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो सकी। महिला की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है।

Also Read: सपा नेता शिवपाल यादव ने कविता वाले अंदाज में योगी सरकार पर कसा तंज

72 घंटे तक मोर्चरी में रखा गया शव

पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस के मुताबिक शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। इस दौरान महिला की पहचान कराने का प्रयास जारी रहेगा। पुलिस आसपास के गांवों में महिला की फोटो दिखाने के साथ-साथ हुलिया और कपड़ों के आधार पर भी पहचान कराने में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)