मथुरा : जनपद में स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। अब यह आक्रोश शहरी क्षेत्र से निकलकर ग्रामीण इलाकों में भी खुलकर सामने आने लगा है। सोमवार को बलदेव क्षेत्र में महिलाओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा, जब दर्जनों की संख्या में महिलाएं विद्युत सब स्टेशन पहुंचीं और स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें किसी भी हाल में स्मार्ट मीटर स्वीकार नहीं हैं। उनका आरोप है कि मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अनियमित और अत्यधिक बढ़ोतरी हो रही है जिससे आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। महिलाओं ने यह भी कहा कि मीटर रीडिंग में पारदर्शिता नहीं है और लगातार गड़बड़ी सामने आ रही है।
सूचना मिलते ही इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की मौजूदगी में महिलाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखा। हालांकि कुछ देर के लिए सबस्टेशन परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया, लेकिन अधिकारियों और पुलिस की समझाइश के बाद हालात सामान्य हो गए।
प्रदर्शन के दौरान सुशीला देवी समेत कई महिलाओं ने विद्युत विभाग के जेई महेश कुमार आर्य को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटर हटाने और बिलिंग व्यवस्था में सुधार की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते इस विरोध ने बिजली विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं आने वाले दिनों में यह मुद्दा और बड़ा रूप ले सकता है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































