UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने राज्य में रसोई गैस (LPG) की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने प्रदेश में एलपीजी की मांग और आपूर्ति की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। सीएम ने कहा कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट की स्थिति नहीं बनने दी जानी चाहिए और लोगों तक समय-समय पर सही जानकारी पहुंचाई जाए।
समय पर सिलेंडर डिलीवरी पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एलपीजी की आपूर्ति में किसी भी स्तर पर कमी न आने पाए। जिन उपभोक्ताओं ने सिलेंडर बुक कराया है, उन्हें निर्धारित समय के भीतर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को उनकी अगली रिफिल की संभावित तारीख की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। सीएम ने स्पष्ट किया कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितनी अफवाहों के माध्यम से बताई जा रही है, इसलिए तेल कंपनियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर वास्तविक स्थिति से लोगों को लगातार अवगत कराएं।
Also Read: UP में LPG संकट गहराया…लखनऊ, गोरखपुर ,कानपुर, प्रयागराज में दिखने लगा असर
जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई
योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई वितरक एजेंसी या व्यक्ति जमाखोरी या कालाबाजारी में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर एलपीजी वितरण केंद्रों पर पुलिस की तैनाती करने के भी निर्देश दिए, ताकि व्यवस्था बनी रहे और गैस वितरण में किसी तरह की बाधा न आए।
वैकल्पिक व्यवस्था और निगरानी के निर्देश
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है। मौजूदा हालात को देखते हुए राज्य को 80 लाख लीटर केरोसिन भी आवंटित किया गया है, जिसे जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग में कंट्रोल रूम स्थापित करने और हर जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों, अस्पतालों, धर्मशालाओं और होटलों को वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने को भी कहा गया।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































